BiharElections2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग से ठीक एक दिन पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Rahul Ghandi) ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि राज्य में “ऑपरेशन सरकार चोरी” चलाया जा रहा है। राहुल गांधी ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि बिहार के हजारों वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए हैं, ताकि सत्तारूढ़ दल चुनाव में धांधली कर सके।
वोटर लिस्ट में धांधली का आरोप
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिहार के पांच वोटरों को मंच पर बुलाया। उन्होंने कहा कि इन लोगों के नाम वोटर लिस्ट से गायब कर दिए गए हैं। राहुल ने बताया कि यही प्रक्रिया हरियाणा चुनाव के दौरान भी अपनाई गई थी।
राहुल के मुताबिक, हरियाणा में 3.5 लाख वोटरों के नाम लिस्ट से हटाए गए थे, और अब बिहार में वही फॉर्मूला दोहराया जा रहा है।
“लोकतंत्र को मारा जा रहा है” — राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से ठीक पहले वोटर लिस्ट जारी की जाती है, ताकि विपक्षी पार्टियों को जांच का मौका न मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि “लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश चल रही है। जनता के अधिकारों की चोरी की जा रही है।”
हरियाणा चुनाव का जिक्र
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 से जुड़ा डेटा भी पेश किया। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में 25 लाख वोटों की चोरी हुई।
उन्होंने एक ब्राजील की मॉडल का उदाहरण देते हुए कहा कि “इस मॉडल ने 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला।” राहुल के अनुसार, यह डिजिटल वोटर मैनिपुलेशन का सबूत है।
हरियाणा सीएम का वीडियो भी दिखाया
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का एक वीडियो दिखाया। राहुल ने कहा, “चुनाव परिणाम आने से दो दिन पहले सीएम ने कहा था कि ‘व्यवस्था बनी हुई है’। अब सवाल ये है कि ये व्यवस्था क्या है?”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह वही व्यवस्था है जो हरियाणा में थी और अब बिहार में लाई जा रही है, ताकि जनता के वोट की चोरी की जा सके।
कांग्रेस की मांग
कांग्रेस ने चुनाव आयोग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। राहुल गांधी ने कहा कि आयोग को इस पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और वोटर लिस्ट में पारदर्शिता लानी चाहिए।