G20 समिट 2025: जोहांसबर्ग पहुंचते ही मोदी का भव्य स्वागत, कई बड़े मुद्दों पर देंगे संबोधन

जोहांसबर्ग में आयोजित 20वें G20 समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को नासरेक एक्सपो सेंटर पहुंच गए, जहां दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी समिट के सभी तीन मुख्य सत्रों में हिस्सा लेंगे और समावेशी विकास, जलवायु संकट तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे वैश्विक मुद्दों पर भारत की दृष्टि प्रस्तुत करेंगे।

दो दिन चलने वाले इस सम्मेलन में 40 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष, G20 सदस्य देशों के प्रतिनिधि और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस हिस्सा ले रहे हैं। दुनिया की बदलती भू-राजनीति और वैश्विक अर्थव्यवस्था के संदर्भ में यह समिट बेहद अहम माना जा रहा है।

इस बार कई प्रमुख नेता सम्मेलन में शामिल नहीं हो रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प दक्षिण अफ्रीका में गोरे किसानों पर हो रहे अत्याचार को कारण बताते हुए समिट से दूर रहे। वहीं, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध के चलते इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट के गिरफ्तारी वारंट के कारण जोखिम से बचने के लिए नहीं पहुंचे। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी इस समिट में भाग नहीं लेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी और उनके संभावित संबोधन से उम्मीद है कि भारत वैश्विक दक्षिण की आवाज को और मजबूती से आगे रखेगा तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर नए रास्ते सुझाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEnglish