बिहार में ठंड का असर तेज, आगामी दिनों में 24 जिलों में कोहरे का अलर्ट

बिहार में न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य के अधिकांश जिलों में रात और सुबह के समय ठंड में लगातार इजाफा होगा। इसके साथ ही घने कोहरे के कारण कई शहरों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग सकता है।

रविवार की सुबह से ही बेगूसराय में घना कोहरा छाया रहा, जबकि प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी इसका असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन से चार दिनों तक सुबह के समय राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक कुहासा रहेगा, जिससे दृश्यता काफी कम हो सकती है।

किशनगंज प्रदेश में सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार का मौसम अगले पाँच दिनों तक पछुआ हवाओं के कारण शुष्क बना रहेगा। पटना सहित अधिकतर जिलों में सुबह के समय कनकनी भरी ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, लेकिन रात के तापमान में गिरावट जारी है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के 10 जिलों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि किशनगंज 7.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा।

24 जिलों में कोहरे को लेकर अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बिहार के 24 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
अलर्ट वाले जिलों में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा, मधेपुरा, सुपौल, अररिया, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, भागलपुर, किशनगंज और सीमांचल क्षेत्र शामिल हैं।

विभाग के अनुसार, नमी बढ़ने की स्थिति में कोहरा और घना हो सकता है, जिससे दृश्यता 50 मीटर तक गिरने की आशंका है।

22 दिसंबर के बाद बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसका असर 17 दिसंबर के बाद बिहार में दिखना शुरू होगा। इसके प्रभाव से 22 दिसंबर के बाद शीतलहर और कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनने की संभावना है।
दिसंबर के अंतिम दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है, जिससे लोग कंपकंपाने को मजबूर हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

en_USEnglish