कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक तनातनी एक बार फिर सोशल मीडिया पर तेज हो गई है। बुधवार को कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक AI-जनरेटेड वीडियो पोस्ट किया, जिसमें PM मोदी को चाय बेचते हुए दिखाया गया है। वीडियो में उन्हें हाथ में चाय की केतली और दूसरे हाथ में ग्लास पकड़े हुए देखा जा सकता है। साथ ही वह जोर-जोर से कहते दिखते हैं— “चाय बोलो, चाय… चाय चाहिए!”
वीडियो में PM एक रेड कारपेट पर चलते हुए दिखाए गए हैं। उनके पीछे भारत समेत कई अन्य देशों के झंडे लगे हैं, जिनमें भाजपा का झंडा भी नजर आता है। यह वीडियो कांग्रेस की प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक ने अपने आधिकारिक X अकाउंट से पोस्ट किया है। उन्होंने वीडियो के साथ कैप्शन लिखा— “अब ई कौन किया बे?”
भाजपा ने करार दिया ‘शर्मनाक’
कांग्रेस के इस वीडियो पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने इसे “शर्मनाक” बताया। उन्होंने X पर अपनी पोस्ट में लिखा कि “नामदार कांग्रेस OBC समुदाय से आने वाले कामदार प्रधानमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर सकती। जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी।”