पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी इलाके उत्तर वजीरिस्तान में शुक्रवार को एक मिलिट्री चौकी को निशाना बनाकर आत्मघाती कार बम हमला किया गया। इस हमले में आत्मघाती हमलावर के साथ तीन बंदूकधारी भी शामिल थे। हमले के बाद करीब एक घंटे तक चली भीषण गोलीबारी में 4 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि कम से कम 15 नागरिक घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
उत्तर वजीरिस्तान में हुआ हमला
यह हमला खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तर वजीरिस्तान जिले में हुआ, जो अफगानिस्तान की सीमा से सटा हुआ है। यह इलाका लंबे समय तक पाकिस्तानी तालिबान (तेहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान—TTP) का गढ़ माना जाता रहा है।
पाकिस्तानी सेना और स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पहले मिलिट्री चौकी की सुरक्षा घेराबंदी में सेंध लगाने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें पीछे धकेल दिया।
कार बम से जोरदार धमाका
सुरक्षा घेरे में घुसने में नाकाम रहने के बाद उग्रवादियों ने विस्फोटकों से लदी कार को चौकी की बाहरी दीवार से टकरा दिया। इसके बाद तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के इलाकों में भारी नुकसान हुआ। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास के कई घर ढह गए और एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा।
सभी हमलावर ढेर
पाकिस्तानी सेना के बयान में कहा गया है कि सुरक्षा बलों ने कार्रवाई करते हुए चारों हमलावरों को मार गिराया। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सेना ने इस हमले के पीछे टीटीपी का हाथ होने की आशंका जताई है।
पाकिस्तानी सेना का दावा है कि इस हमले की योजना और निर्देश अफगानिस्तान की सीमा पार से दिए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और सीमा क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।