आज के समय में बढ़ती महंगाई, अचानक आने वाले खर्च और आर्थिक अस्थिरता के कारण लगभग हर व्यक्ति परेशान है। लोग दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पैसे से जुड़ी समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। ऐसे में वास्तु शास्त्र में बताए गए कुछ सरल उपाय अपनाकर आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाया जा सकता है।
वास्तु और धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर को धन, समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है। जहां इन दोनों देवताओं की कृपा होती है, वहां आर्थिक संकट, कर्ज और धन की कमी लंबे समय तक नहीं टिकती। यदि कोई व्यक्ति लगातार वित्तीय बाधाओं या नुकसान से जूझ रहा है, तो ये वास्तु उपाय उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं।
सही दिशा में रखें देवी लक्ष्मी और कुबेर की मूर्ति
वास्तु शास्त्र के अनुसार, पूजा घर में देवी लक्ष्मी और भगवान कुबेर की मूर्तियों को पूर्व या उत्तर दिशा में स्थापित करना शुभ माना जाता है। इन दिशाओं को ऊर्जा और धन का मुख्य स्रोत कहा गया है। मूर्तियां स्थापित करने के बाद रोज़ाना दीपक जलाएं, विधि-विधान से पूजा करें और मंत्र जाप करें। नियमित पूजा से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और धन का प्रवाह बढ़ता है।
सफाई का रखें विशेष ध्यान
वास्तु के अनुसार, जहां साफ-सफाई और सकारात्मकता होती है, वहीं धन का वास होता है। पूजा घर और उसके आसपास हमेशा स्वच्छता बनाए रखें। मान्यता है कि देवी लक्ष्मी गंदगी, अव्यवस्था और टूटी-फूटी चीजों वाले घर में प्रवेश नहीं करतीं। ऐसे स्थानों पर आर्थिक तंगी और तनाव बढ़ सकता है। साफ-सुथरा वातावरण सुख-समृद्धि को आकर्षित करता है।
मोर पंख का करें उपाय
आर्थिक परेशानियों से निजात पाने के लिए मोर पंख का उपाय भी प्रभावी माना जाता है। मान्यता है कि मोर पंख देवी लक्ष्मी से जुड़े होते हैं और घर में सुख-समृद्धि लाते हैं। वास्तु के अनुसार, अपने लॉकर में सात मोर पंख रखने से आर्थिक बाधाएं दूर होती हैं और सफलता के रास्ते खुलते हैं।